Published on: 28 Jun 2026
*समाज कार्य विभाग में 30 जून तक करें आवेदन।*
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर-रेवाड़ी के समाज कार्य विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए मास्टर ऑफ़ सोशल वर्क (MSW) पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सामाजिक कार्य एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए यह एक उत्कृष्ट अवसर है।समाज कार्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सिंह ने बताया कि मास्टर ऑफ़ सोशल वर्क एक दो वर्षीय स्नातकोत्तर कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सामाजिक समस्याओं की समझ विकसित करने के साथ-साथ उन्हें संवेदनशील एवं पेशेवर सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में तैयार करना है। पाठ्यक्रम में सामाजिक विकास, सामुदायिक संगठन, परामर्श, सामाजिक अनुसंधान तथा फील्ड वर्क पर विशेष बल दिया जाता है। उन्होंने बताया कि विभाग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समय-समय पर कार्यशालाओं, सेमिनारों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जागरूकता अभियानों, सामुदायिक भ्रमण एवं विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करता है। साथ ही विद्यार्थियों को सरकारी एवं गैर-सरकारी संगठनों के साथ कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया जाता है, जिससे उनके ज्ञान और कौशल में वृद्धि होती है। विभागाध्यक्ष ने बताया कि मास्टर ऑफ़ सोशल वर्क पाठ्यक्रम में कुल 20 सीटें उपलब्ध हैं। प्रवेश केवल मेरिट के आधार पर किया जाएगा तथा किसी प्रकार की प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी 30 जून 2026 तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने सामाजिक कार्य के क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने तथा समाज सेवा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में अपना योगदान देने की अपील की। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी समाज कार्य विभाग, इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर-रेवाड़ी अथवा विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं।